छत्तीसगढ़ • रायपुर

विविधता में एकता का उत्सव बना नव सृजन मंच का तीज मिलन

संबलपुरी, ओड़िशी नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन

रायपुर। सामाजिक संस्था ‘नव सृजन मंच’द्वारा अंबुजा मॉल में दो दिवसीय तीज मिलन समारोह एवं महिला प्रतिभा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और लोक कला की खूबसूरत झलक प्रस्तुत करने वाले इस विशेष आयोजन में 8 प्रदेशों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मनमोहक संगम देखने को मिला।

पंजाबी, राजस्थानी, महाराष्ट्रीयन, हरियाणवी, ओडिशा, बंगाली, छत्तीसगढ़ी, गुजराती, झूला उत्सव, नृत्य, लोकगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक परिधान के साथ यह आयोजन हमारी विविधता में एकता और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव रहा। कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र के मुख्य अतिथि रहे छत्तीसगढ़ औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला। इस मौके पर उन्होंने कहा, तीज-त्यौहार ही छत्तीसगढ़ की विशेष पहचान है। समापन समारोह के मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के संस्थापक अधिवक्ता भगवानू नायक ने तीज पर्व की शुभकामनाएं देते कहा कि किसी भी समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब उसकी महिलाएं शिक्षित, आत्मनिर्भर, सम्मानित और निर्णय लेने में सक्षम हों। इस अवसर पर झरना क्षत्री, कौशल्या जाल, करुणा क्षत्री ने संबलपुरी एवं ओडिशी नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया।

हस्तनिर्मित उत्पादों की लगाई प्रदर्शनी

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हस्तनिर्मित उत्पादों और व्यंजनों की प्रदर्शनी सहित विभिन्न महिला समूहों द्वारा करीब 30 स्टॉल्स भी लगाए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, महिला आयोग अध्यक्ष ममता साहू एवं श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष किशोर महानंद द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में नवसृजन मंच की सचिव मनीषा सिंह, अनामिका क्षत्रि, निशा समडकर, कीर्ति ताम्रकर, निधि झा, सविता मौर्या, उपाध्यक्ष डॉ. प्रीति सतपथी, मैरी, अर्चना, शकुंतला श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही।

About the author

मीडिया एमपीसीजी