छत्तीसगढ़ • देश • रायपुर

माहेश्वरी सभा ने किया नवनिर्वाचित अर्थमंत्री का आत्मीय अभिनंदन

रायपुर। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के आगामी सत्र के लिए रायपुर के नारायण राठी अर्थमंत्री (कोषाध्यक्ष) पद पर निर्वाचित हुए हैं। रविवार को महेश छात्रावास, जी.ई. रोड में माहेश्वरी सभा रायपुर द्वारा उनका प्रथम आत्मीय अभिनंदन समारोहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर दुपट्टा, गजमाला एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दी गर्इं। इस अवसर पर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष राजेश तापड़िया ने कहा, माहेश्वरी सभा रायपुर, नवनिर्वाचित अर्थमंत्री के साथ मिलकर सेवा कार्यों की नई योजनाएं लाएगी। वहीं नवनिर्वाचित अर्थमंत्री नारायण राठी ने इस नई जिम्मेदारी के लिए समाज का आभार व्यक्त कर सभी का सहयोग मांगा। उन्होंने कहा, यह विजय संकल्पित सेवा की विजय है। समाज ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। सामाजिक योजनाओं में प्रमुख रूप से महिलाओं की सहायता, बच्चों की उच्च शिक्षा तथा समाज द्वारा व्यापार हेतु कर-मुक्त लोन जैसे प्रकल्प शामिल हैं। इनमें धन की कमी नहीं आने दी जाएगी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा भारत एवं नेपाल के माहेश्वरी समाज का सर्वोच्च संगठन है, जो प्रदेश, जिला एवं स्थानीय संगठनों के माध्यम से सेवा कार्य एवं समाजहित की योजनाओं का संचालन करता है। प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर राठी ने कहा कि रायपुर के नारायण राठी का इस पद पर निर्वाचन रायपुर एवं छत्तीसगढ़ के 2500 माहेश्वरी परिवारों के लिए गौरव की बात है।

यह अभिनंदन समारोह गृह नगर एवं गृह संगठन द्वारा आयोजित प्रथम स्वागत आयोजन रहा। जिसमें निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुरेश मुंधड़ा, जिला अध्यक्ष उमेश राठी, संपत काबरा, कल्पना राठी सहित बड़ी संख्या में माहेश्वरी समाज के गणमान्यजन सम्मिलित हुए। सचिव आलोक बागड़ी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी