रायपुर। दिशा कॉलेज में कौशल विकास प्रकोष्ठ एवं शिक्षा विभाग द्वारा बीएड के नव प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें प्राचार्य डॉ. ए.के. तिवारी एवं बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. सौम्या तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. तिवारी ने कहा, सीखना केवल ज्ञान प्राप्त करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि अपने विचारों, व्यवहार और दृष्टिकोण को बेहतर बनाने की यात्रा है। सीखने के साथ चेतना और विवेक जुड़ते हैं, तब ज्ञान का सही दिशा में उपयोग होता है। हमें जिज्ञासा के साथ सीखना, समझदारी के साथ सोचना और जिम्मेदारी के साथ अपने ज्ञान को व्यवहार में लाना चाहिए। विभागाध्यक्ष डॉ. सौम्या ने कहा, शिक्षा से हम न केवल व्यक्तिगत विकास कर सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी योगदान देते हैं। उन्होंने कोर्स की संपूर्ण जानकारी भी दी। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गेम्स भी आयोजित किए गए। जिसमें विद्यार्थियों सहित शिक्षा विभाग के सभी प्राध्यापक भी सम्मिलित हुए। शिक्षिका अर्चना पटेल के आभार प्रदर्शन से कार्यक्रम का समापन हुआ।