एक दिवसीय सेमीनार एवं सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न
रायपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित एक दिवसीय सेमीनार एवं सम्मान समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल थे। समारोह की अध्यक्षता राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंग खालसा ने की।
विशिष्ट अतिथि रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक अर्गल, राष्ट्रीय निदेशक अमर बी. छेत्री, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, नेशनल ट्रिब्यून के संपादक एवं हरियाणा बीएसजी उपाध्यक्ष नरेश कौशल, राज्य उपाध्यक्ष विजय केसरवानी, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार सहित अनेक राज्य स्तरीय पदाधिकारी तथा स्काउट-गाइड प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंग खालसा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ निरंतर नए आयाम स्थापित करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है। स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, समर्पण, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने वाला सशक्त आंदोलन है।
मुख्य अतिथि डॉ. के.के. खंडेलवाल ने स्काउटिंग की मूल भावना, संगठनात्मक मजबूती, प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा युवाओं में सेवा और नेतृत्व के गुण विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित किया जाता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में स्काउटिंग गतिविधियों के विस्तार की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि अशोक अर्गल, अमर बी. छेत्री एवं वर्णिका शर्मा ने भी स्काउटिंग की उपयोगिता, बाल संरक्षण, अनुशासन, सामाजिक दायित्व और युवा शक्ति की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
प्रशस्ति पत्र एवं अलंकरण प्रदान कर किया सम्मानित
समारोह के दौरान वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एलटी गिरीश कुमार पाढ़ी महासमुंद, एएलटी भूपेन्द्र शर्मा बिलासपुर, संतोष कुमार त्रिपाठी बिलासपुर, मिलाप सिंह पटेल रायगढ़, जितेंद्र कुमार डनसेना, राजकिशोर स्वर्णकार रायगढ़, रोहित कुमार वर्मा रायपुर, विजया कुजूर, धात्री नायक, एचडब्ल्यूडी रेबेका पूनम खेस, निधि कश्यप, अपर्णा तिवारी, कौशल्या साहू, जगमाइत लकड़ा, रामेश्वरी साहू, सुभाषिनी राजपूत, के.के. ध्रुव, युगल किशोर राजपूत सहित 25 दीर्घकालीन सेवा देने वाले स्काउटर-गाइडर को सम्मानित किया गया। साथ ही हिमांशु भारतीय, राकेश कुमार सिंह एवं राकेश यादव को थैंक्स बैज तथा एडवांस कमिश्नर कोर्स एवं बेसिक कमिश्नर कोर्स पूर्ण करने वाले स्काउटर-गाइडर व पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। वहीं सीएनसी के.के. खंडेलवाल एवं अशोक अर्गल को छत्तीसगढ़ी व्यंजन एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सचिव अमित क्षत्रिय के आभार व्यक्तव्य से सेमिनार का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन राज्य आयुक्त अशोक देशमुख ने किया।



