शिक्षा

डीएनए के खंड जींस में प्रोटीन बनाने की जानकारी दर्ज होती है: साइंटिस्ट मिताश्री मित्रा

संत ज्ञानेश्वर स्कूल में हुई ‘टू मीट द साइंटिस्ट’ वर्कशाप

साइंटिस्ट मिताश्री मित्रा ने बच्चों को मानव संरचना के बारे में बताया

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल में शुक्रवार को ‘टू मीट द साइंटिस्ट’ वर्कशाप आयोजित की गई। जिसमें प्रमुख वक्ता साइंटिस्ट मिताश्री मित्रा ने कहा, डीएनए का पूरा नाम डीआॅक्सीराइबो न्यूक्लिक एसिड है। यह हमारी ज्यादातर कोशिकाओं के केंद्रक (न्यूक्लियस) में मौजूद एक लंबा अणु है। जींस डीएनए के ही वे खास खंड हैं, जिनमें प्रोटीन या आरएनए बनाने की जानकारी दर्ज होती है। इंसानों में लगभग 20,000 से 25,000 जींस होते हैं। जींस माता-पिता से बच्चों में जाते हैं, जिससे आंखों या बालों का रंग, ऊंचाई और कुछ बीमारियों के प्रति संवेदनशीलता जैसे गुण तय होते हैं।

शिक्षिका आराधना लाल ने बताया कि बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ बीमारियां और आनुवंशिक गुण पिता से बच्चों में जा सकते हैं, लेकिन हर बीमारी ट्रांसफर नहीं होती। यह इस बात पर निर्भर करता है कि बीमारी आनुवंशिक यानी जेनेटिक है या जीवनशैली/संक्रमण से जुड़ी है। वर्कशाप में 9वीं से 12वीं तक के बच्चों ने भाग लिया। संत ज्ञानेश्वर स्कूल की पूर्व प्राचार्य और मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. मंजिरी बक्षी ने यह वर्कशॉप आयोजित की थी। साइंटिस्ट मिताश्री मित्रा का स्वागत शिक्षिका तृप्ति अग्निहोत्री ने सूतमाला पहनाकर किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका निकिता यादव ने किया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी