रायपुर। श्रीदिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में शनिवार को दसलक्षण पर्व के समापन अवसर पर भव्य पारणा महोत्सव आयोजित किया गया। यह महोत्सव प्रासुक साधना के धनी मुनिश्री आगम सागर, मुनिश्री पुनीत सागर महाराज, एलकश्री धैर्य सागर व एलकश्री स्वागत सागर महाराज के पावन सानिध्य में हुआ। जिसका शुभारंभ समयोपदेश वर्षायोग समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन व कार्यकारी अध्यक्ष संजय नायक जैन ने प्रात: 7:00 बजे जिनालय के मूलनायक भगवान के समक्ष वेदी पर जिनाभिषेक व शांतिधारा के साथ किया गया। इस प्रसंग पर दशलक्षण पर्यूषण पर्व पर 10 उपवास, निर्जला एवं उग्र तप के तपवियों का पूर्णत: शुद्ध (प्रासुक) जल एवं निर्दोष आहार की व्यवस्था के साथ सामूहिक पारणा कराया गया। महाराजश्री द्वारा मांगलिक मंत्रोच्चार एवं मंगल पाठ के उपरांत समिति के पदाधिकारियों व सकल समाज ने सभी तपस्वियों के मस्तक पर चंदन-तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा दुपट्टा ओढ़ाकर उनकी कठिन तपस्या की अनुमोदना की। श्रद्धालुओं ने क्रमबद्ध होकर पूरे विधि-विधान व जयकारों के साथ तपस्वियों का पारणा करवाकर उनके उपवास पूर्ण कराए।
इस पावन अवसर वर्षायोग समिति के मैनेजिंग ट्रस्टी व अध्यक्ष सहित ट्रस्टी संजय जैन-सतना, सनत कुमार जैन, कोषाध्यक्ष दिलीप जैन, सचिव राजेश रज्जन जैन, उपाध्यक्षद्वय श्रद्धेय जैन, नीरज जैन, बंशीलाल जैन, श्रेयश जैन, सहसचिव शैलेंद्र जैन, प्रणीत जैन, महिला मंडल की अध्यक्षा सरिता जैन, सपना जैन, अनुराधा जैन सहित सकल दिगम्बर जैन समाज के वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में उपस्थित युवा एवं महिला मंडल के सदस्य तप अनुमोदना के साक्षी बने।