छत्तीसगढ़ • रायपुर

सुसज्जित रथ पर बाजे-गाजे के साथ निकली रामदेव पीर बाबा की कलश और शोभायात्रा

रायपुर। राजधानी में रामदेव जयंती उत्सव का 49वां वर्ष धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर श्रीलक्ष्मी रणछोड़ धर्मार्थ न्यास द्वारा संचालित बाबा रामदेव मंदिर फाफाडीह चौक से मंगलवार को सुबह 9 बजे मंदिर प्रांगण से रामदेव पीर बाबा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भक्तों द्वारा रामदेव पीर बाबा प्रतिमा की भव्य छवि को सुसज्जित रथ पर बाजे-गाजे के साथ लेकर यह शोभायात्रा निकाली गई। जो मंदिर प्रांगण से देवेंद्र नगर चौक होते हुए टिंबर मार्केट स्थित पाटीदार भवन पहुंची, जहां कच्छ कड़वा पाटीदार भवन में बाबा रामदेवजी प्रतिमा की विधि-विधान के साथ स्थापना की गई। इसके पश्चात दोपहर को पूजा-आरती की गई। श्रीलक्ष्मी रणछोड़ धर्मार्थ न्यास द्वारा संचालित बाबा रामदेव मंदिर फाफाडीह चौक के पदाधिकारियों ने बताया कि रामदेव जयंती उत्सव का 49वां मनाया जा रहा है।

51 कन्याओं ने धारण किया कलश

शोभायात्रा के साथ कलश यात्रा में 51 कन्याएं सिर पर कलश धारण कर समाजजनों, बंधुओं के साथ शामिल हुर्इं। कलश यात्रा में कन्याओं ने अपनी भक्ति की शक्ति दिखाई। यह कलश यात्रा देवेंद्र नगर चौक से होते हुए टिंबर मार्केट स्थित पाटीदार भवन पहुंची। स्थानीय गुजराती कलाकारों द्वारा एवं शीतलबेन व्यास की मंडली द्वारा भजन-कीर्तन, भक्तिगीतों की प्रस्तुति दी। श्रीलक्ष्मी रणछोड़ धर्मार्थ न्यास द्वारा रामदेव पीर बाबा की प्रतिमा की स्थापना के बाद रात्रि 12 बजे महाआरती के साथ आयोजन का समापन हुआ। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और रामदेव पीर बाबा की विधि-विधान से महाआरती कर अपनी सुख-समृद्धि की कामना की।

 

About the author

मीडिया एमपीसीजी