छत्तीसगढ़ हिंदी साहित्य मंडल का राष्ट्रधर्म-राजनीतिक कर्म विषय पर विमर्श एवं काव्य प्रतिस्पर्धा
रायपुर। छत्तीसगढ़ हिंदी साहित्य मंडल के तत्वावधान में सिविल लाइंस स्थित वृंदावन के मीटिंग हॉल में राष्ट्रधर्म-राजनीतिक कर्म विषय पर विमर्श एवं काव्य प्रतिस्पर्धा हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आई.ए.एस. डॉ. संजय अलंग ने कहा, राष्ट्र मनुष्य नहीं बनाते, गवर्नमेंट बनाती है। राष्ट्र के साथ रहना ही राष्ट्र प्रेम है। लोगों से देश बनता है। उनके लिए वंचना एवं निषेध के सिद्धांत आवश्यक हैं। जब किसी सोसाइटी को राष्ट्र के साथ जोड़ना है तो वंचना और निषेध को जितना कम करेंगे और लोगों का समावेशन ज्यादा करेंगे, राष्ट्र उतना ही बढ़ेगा। राष्ट्रवाद केवल भावना नहीं, कार्यवाही है। उन्होंने कहा, कविता का उद्देश्य केवल ताली बजवाना नहीं, खतरे की घंटी बजाना भी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. हर्षवर्धन तिवारी ने सभी रचनाकारों को चिंतन-मनन कर अपनी कविता समर्पित करने पर श्रीराम-सत्य लोकहित ट्रस्ट की तरफ से बधाई दी। विशिष्ट अतिथि डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’ ने कहा, राष्ट्र सामाजिक सहअस्तित्व का सर्वोच्च प्रतीक और मानव चेतना का विस्तार है। राजनीति केवल शासन का साधन नहीं, बल्कि व्यवस्था, न्याय और विकास को दिशा देने वाली धुरी है। जब राजनीतिक कर्म राष्ट्र धर्म यानी ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ से जुड़ता है, तो वह सेवा और सत्यनिष्ठा का मार्ग बन जाता है। इसी कड़ी में आचार्य अमरनाथ त्यागी ने कहा, नीति का अर्थ सुनीति है जो राष्ट्र को उत्कर्ष पर ले जाए। राष्ट्र धर्म से प्रेरित होकर राजनीति के पथ प्रदर्शन में यह देश सोने की चिड़िया था। राष्ट्र धर्म का अर्थ उस धर्म को अपनाना है जिससे राष्ट्र का उत्थान हो। वहीं अंबर शुक्ला अम्बरीश ने कहा, राजनीतिक कर्म में राष्ट्र हित की प्रधानता होनी चाहिए। राजनीति स्वार्थ का विषय न होकर राष्ट्रहित और जनसेवा भाव से युक्त है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष आचार्य अमरनाथ त्यागी, अंबर शुक्ला अम्बरीश, डॉ. जेके डागर, डॉ. महेंद्र ठाकुर भी उपस्थित थे।
काव्य प्रतिस्पर्धा में तेजपाल सोनी प्रथम
काव्य प्रतिस्पर्धा में प्रथम तेजपाल सोनी, द्वितीय राम गोपाल शुक्ला एवं तृतीय सुषमा पटेल रहीं। राम-सत्य लोकहित ट्रस्ट द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रचनाकार को क्रमश: 1100 रुपये, 700 रुपये एवं 500 रुपये प्रदान किए गए।
डॉ. जेके डागर ‘विद्यासागर’ ने स्वरचित कविता- मुझको तो प्राणों से प्यारा देश मेरा… पढ़ी। इसी तारतम्य में डॉ. रीता तिवारी ने कविता- जनता की गाढ़ी कमाई से, कुछ नेता घर भरते हैं… प्रस्तुत की। इस अवसर पर सुरेंद्र रावल, भूपेंद्र शर्मा, डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव, डॉ. उदयभान सिंह चौहान, एन.पी. विश्वकर्मा, गोपाल सोलंकी, संजीव ठाकुर, सुषमा पटेल, रामगोपाल शुक्ला, आशा पाठक, कुमार जगदली, डॉ. गोपा शर्मा, छबिलाल सोनी, मन्नू लाल यदु, यशवंत चतुर्वेदी, यशवंत यदु यश, नूपुर साहू, राजू टेमरे आदि ने कविता पाठ किया।