द्वितीय दिवस मुमुक्षुओं व तपस्वियों निकली भव्य रथयात्रा
मुनिश्री संवेगरत्न सागर ने मुमुक्षुओं को दिए आशीर्वचन
रायपुर। आत्मशुद्धि, तप आराधना और संयम साधना के भावों से सुसज्जित तीन दिवसीय ‘संयम संग्रामोत्सव’ के दूसरे दिन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और वैराग्य के वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु शामिल हुए। मुमुक्षुओं एवं तपस्वियों की रथयात्रा, विरति संवेदना और शाम को हुए संयम संवेदना एवं संगीत कार्यक्रम ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सुबह 7:45 बजे सदर बाजार जैन मंदिर से मुमुक्षुओं व तपस्वियों की भव्य रथयात्रा निकाली गई। श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ रथयात्रा में शामिल हुए। यात्रा श्रीजिनकुशल सूरि दादाबाड़ी पहुंची, जहां धार्मिक वातावरण में आगे के कार्यक्रम संपन्न हुए। इसके बाद सुबह 9:15 बजे श्री धर्मनाथ जिनालय में मुनिश्री संवेगरत्न सागर महाराज की वाणी से विरति संवेदना का कार्यक्रम हुआ। इस दौरान मुनिश्री ने मुमुक्षुओं को आशीर्वचन देते हुए संयम मार्ग के महत्व और आध्यात्मिक जीवन की प्रेरणा दी। उन्होंने मुमुक्षु आत्माओं को आशीर्वाद प्रदान किया। उनके वचनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को भी धर्म और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के दौरान नवकारसी और साधार्मिक वात्सल्य की व्यवस्था भी रही।
शाम 7 बजे संयम संवेदना व संगीत कार्यक्रम में भावनगर के मिलन मेहता और रायपुर के राहुल झाबक ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। भक्ति संगीत के माध्यम से संयम, वैराग्य और आत्मकल्याण के भावों को अभिव्यक्ति मिली।
बच्चे करेंगे स्नात्र पूजा, बालमुमुक्षु निपुण बैद को करेंगे समर्पित
संयम संग्रामोत्सव का तीसरा और अंतिम दिन सोमवार, 23 नवंबर को सिद्धि दायक दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 9 बजे श्रीज्ञान वल्लभ उपाश्रय, विवेकानंद नगर में भव्य स्नात्र पूजा होगी। संभव संस्कार सुरभि पाठशाला के बच्चे इस धार्मिक विधि को संपन्न करेंगे और पूरी पूजा बालमुमुक्षु निपुण बैद को समर्पित करेंगे। बालमुमुक्षु निपुण बैद की संयम यात्रा के प्रति बच्चों की यह विशेष भक्ति और अनुमोदना महोत्सव के अंतिम दिन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इस तीन दिवसीय महोत्सव में साध्वीवर्या मंजुलाश्री एवं साध्वीवृंदों की पावन निश्रा में भी प्राप्त हो रही है। इस महोत्सव का मूल भाव हैै- ‘एक नई शुरूआत-पर से स्व की ओर, संसार से मोक्ष की ओर।’ श्रीऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में हो रहे इस महोत्सव का संयोजन ट्रस्टी राजेंद्र गोलछा (हेमू) कर रहे हैं।