डाॅ. गीतेश अमरोहित ने भेंट की अपनी लिखी किताब छत्तीसगढ़ का इतिहास
रायपुर – छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. रमन सिंह को राजधानी रायपुर स्थित निवास कार्यालय में डाॅ. गीतेश अमरोहित ने अपनी लिखी पुस्तक छत्तीसगढ़ का वृहद इतिहास भेंट की। इस अवसर पर डाॅ. रमन सिंह ने डाॅ. गीतेश अमरोहित को बधाई देते हुए कहा कि यह पुस्तक छत्तीसगढ़ राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी होगी। इस पुस्तक की विशेषता पर प्रकाश डालते हुए डाॅ. अमरोहित ने बताया कि छत्तीसगढ़ का वृहद इतिहास पुस्तक पाषाणकालीन छत्तीसगढ़ से लेकर आज तक के इतिहास की घटनाओं का प्रामाणिक एवं विश्वसनीय संकलन है। खासतौर पर इसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यार्थियों को ध्यान में रखकर लिखा गया है। मेकाहारा के न्यूरोसर्जरी विभाग में लंबे समय तक सेवा देने के उपरांत डाॅ. अमरोहित अब पूर्णरूपेण छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी भाषा साहित्य पर लेखन कार्य कर रहे हैं।



