छत्तीसगढ़ रायपुर

गायक परिवार की 3 पीढ़ियों ने दी सुरीली प्रस्तुतियां

नीरवंदन म्यूजिकल ग्रुप का संगीत समारोह
रायपुर। नीरवंदन म्यूजिकल ग्रुप द्वारा मायाराम सुरजन सभागार में आयोजित संगीत समारोह में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। अतिथि गायक रूप में शामिल हुए रायपुर के कवि, साहित्यकार व समाजसेवी छबिलाल सोनी समेत उनके बेटे मुकेश और पोते अनिकेत ने मधुर प्रस्तुतियां दीं।
रायपुर के अलावा इस संगीत समारोह में बिलासपुर, मल्हार, कोरबा और बलौदाबाजार से आए गायकों ने भी सुरीली प्रस्तुतियां दीं। प्रमुख आकर्षण के तौर पर छत्तीसगढ़ के प्रख्यात जसगीत गायक दुकालू यादव ने श्रोताओं की मांग पर एक से बढ़कर एक जसगीतों की सुरसरिता बहाई। इस मौके पर संगीतप्रेमी, ग्रुप के संरक्षक विजय कुमार शर्मा का सम्मान भी हुआ। छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार गोल्डन साहू समेत नगर के विभिन्न म्यूजिकल ग्रुप के संचालक विशेष रूप से सम्मिलित रहे। ग्रुप डायरेक्टर वंदना तिवारी व नीरज पांडे ने बताया, ग्रुप का यह 7वां आयोजन रहा, जिसमें नए गायकों को मौका दिया गया। अगला आयोजन 18 सितंबर को मायाराम सुरजन सभागार में ही किया जाएगा।

About the author

मीडिया एमपीसीजी