जिला स्तर के आयुष स्वास्थ्य
कैंप में 1190 मरीजों की जांच
रायपुर। आयुष विभाग छत्तीसगढ़ शासन की योजना के अनुसार जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन शुक्रवार को सांस्कृतिक भवन, डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड रायपुर में किया गया। यह आयोजन जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. स्वाती रावत के मार्गदर्शन व शिविर प्रभारी डॉ.भूपेंद्र जांगड़े के निर्देशन में हुआ, जिसमें कुल 1190 मरीजों की नि:शुल्क जांच कर जरूरतमंदों को दवाओं का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि विधायक सुनील सोनी रहे।
पार्षद दुर्गा याद राम साहू, पूर्व पार्षद यादराम साहू सहित वार्ड के गणमान्य जनों की उपस्थिति में इस शिविर का शुभारंभ भगवान धन्वन्तरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी चिकित्सा पद्धति की नि:शुल्क औषधियां भी प्रदान की गई, साथ ही निजी संस्थाएं बालको कैंसर हॉस्पिटल, एमजीएम नेत्र संस्थान, सीताराम दंत चिकित्सालय द्वारा विभिन्न रक्त जांच एवं अन्य चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गर्इं। आयुर्वेद पद्धति से 752, होमियोपैथी से 63 और यूनानी चिकित्सा पद्धति से 52 मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया गया।
वहीं 207 लोगों के बीपी की जांच, 105 लोगों की शुगर जांच, सीताराम दंत चिकित्सालय टीम द्वारा 65 लोगों की दंत जांच सहित एमजीएम नेत्र संस्थान टीम द्वारा 184 लोगों का नेत्र परीक्षण कर156 को नि:शुल्क चश्मे दिए गए। वहीं 8 लोगों को मोतियाबंद आॅपरेशन के लिए पंजीकृत किया गया। बालकों संस्थान टीम द्वारा 74 का कैंसर परीक्षण हुआ। इसके अलावा 450 लोगों को आयुष काढ़ा वितरित किया गया। इस दौरान औषधीय पौधों की पहचान व घरेलु उपचार में प्रयोग की जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई। साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य विषयक ब्रोशर पम्पलेट बांटे गए। इस शिविर में जिला आयुष अधिकारी डॉ. स्वाती रावत, शिविर सह प्रभारी डॉ. शगुफ्ता कुरैशी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रशांत रावत सहित जिले के आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी, योग चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, औषधालय सेवकों, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्तार्ओ ने सेवाएं प्रदान की।



