छत्तीसगढ़ व ओडिशा के 65 यजमान जोड़े होंगे शामिल
रायपुर। वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में दो दिवसीय सामूहिक एकादशी उद्यापन एवं तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव’का भव्य आयोजन किया जाएगा। मीडिया प्रभारी कविता राठी ने बताया, वनबंधु परिषद महिला समिति रायपुर के तत्वावधान में यह आयोजन 20 व 21 नवंबर को होगा। इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में रायपुर सहित छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न शहरों से कुल 65 यजमान जोड़े शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष अनिता खंडेलवाल ने बताता कि संपूर्ण अनुष्ठान मुख्य आचार्य पंडित हरीश मिश्रा के मार्गदर्शन में विद्वत पंडितों की टीम द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा। प्रथम दिवस पर प्रात: 9 बजे उत्तर पूजा के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा जिसके पश्चात सभी देवी-देवताओं का विधिवत पूजन, हल्दी की रस्म और एकादशी व्रत कथा का वाचन होगा। शाम को बाजे-गाजे के साथ भगवान शालिग्राम की भव्य बारात निकलेगी, इसके उपरांत मां तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह पूरे धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न होगा।
अध्यक्ष कांता सिंघानिया एवं सचिव सरिता रखनी ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन प्रात: गोदान, हवन एवं पूर्णाहुति के अनुष्ठान होंगे। इसके पश्चात 27 ब्राह्मण जोड़ों का विधिवत पूजन कर उन्हें भोजन प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा। कार्यक्रम का समापन महाभंडारे से होगा, जिसमें लगभग 1,000 श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम प्रभारी त्रिवेणी अग्रवाल व मीना अग्रवाल ने जानकारी दी कि महोत्सव को लेकर गुरुवार शाम समिति की पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।



