रायपुर। आंध्रा एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुवार को श्रीबालाजी विद्या मंदिर देवेंद्रनगर में वार्षिक उत्सव ‘आराधना शुद्ध भक्ति’ एवं पालक दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिसमें शाला के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्वागत गीत, हनुमान चालीसा, विष्णु भक्ति के प्रसंगों से आराधना व भक्ति की अलख जगाई। संस्था के कोषाध्यक्ष मोहन के. नायडू ने बताया, इस प्रसंग पर बच्चों ने कार्यक्रमों की मनमोहक श्रृंखला में प्रस्तुत की, जिसमें देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुतियों समेत बंगाली (धुनुची), दक्षिण भारतीय, शास्त्री तेलुगु नृत्य, पंजाबी भांगड़ा, नए-पुराने गीतों का रीमिक्स चांद पर आधारित गीत, रामजी का अयोध्या आगमन पर स्वागत, बॉलीवुड रॉकस्टार, एकल नृत्य, कृष्ण भक्ति, हिप हॉप, राजस्थानी लोकगीत घूमर, एमजे स्टाइल बॉलीवुड के गीतों पर पाश्चात्य सुंदर नृत्यों की धमाकेदार प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं संगीत शिक्षक रजत दत्त के निर्देशन में छात्रों के मधुर गीतों एवं वाद्य यंत्रों की सुंदर प्रस्तुति ने वातावरण को सुरमय बना दिया । शिक्षण सत्र 2025-26 के उत्कृष्ट अंक प्राप्त प्रतिभावान छात्रों को प्रमाण पत्र व नकद राशि देकर नवाजा गया। उपप्राचार्या मौसमी भटाचार्य ने वर्तमान सत्र का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए छात्रों की अनेक उपलब्धियों का विवरण दिया। इस कार्यक्रम को देखकर पालक एवं प्रेक्षक अभिभूत हो उठे।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष जी. स्वामी, प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, गणमान्य जन सहित प्राचार्या डॉ. फ्रेनी जय प्रकाश, समन्वयक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रिंकू मजुमदार, स्निग्धाश्री के मार्गदर्शन में शाला नायक अंजन वशिष्ट, शाला नायिका रश्मि मुद्लियार, सपना पंजवानी, शुभम दीक्षित, ललित लोधा, आराध्य पांडेय व के. धरणी ने किया। संस्था के सचिव टी. श्रीनिवास रेड्डी द्वारा धन्यवाद ज्ञापिन किया गया।




