रायपुर। संस्था ‘एक पहल और’ द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए सिंधी समाज के बुजुर्गों के लिए नि:शुल्क 5वीं तीर्थयात्रा का आयोजन किया जाएगा। प्रवक्ता गौरव मंधानी व राजकुमार बचानी ने बताया, इस वर्ष 22 नवंबर को दीपावली के शुभ अवसर पर समाज के बुजुर्गों को ट्रेन के माध्यम से राजस्थान के खाटू श्याम, सालासर बालाजी, पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर, अमरपुर दरबार एवं आसपास के धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी।
यात्रा संयोजक सुशील वाधवानी, दीपक कुकरेजा व राजू नरवानी ने जानकारी दी कि संस्था की यह लगातार 5वीं धार्मिक यात्रा है, जो रविवार 22 नवम्बर को अपरान्ह 3 बजे दुर्ग-जयपुर ट्रेन से रवाना होगी। 27 नवंबर को बीकानेर एक्सप्रेस से वापसी होगी। समाज के बुजुर्ग यात्रियों के लिए रहने, भोजन, मनोरंजन, डॉक्टर एवं परिवहन आदि की व्यवस्था संस्था की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।
संस्था ने अनुभव किया कि समाज के बहुत से बुजुर्ग कई कारणों से धार्मिक यात्रा नही कर पाते है,। ऐसी परिस्थिति में एक पहल और संस्था ने अपने दानदाताओं के सहयोग से मातापिता तुल्य बुजुर्गो को यात्रा करवाने की जिम्मेदारी उठाई थी। संस्था ने अब तक शहर के बुजुर्गों को काशी विश्वनाथ, उज्जैन महाकाल, जगन्नाथ पुरी , मथुरा वृंदावन की तीर्थ यात्रा कराई जा चुकी है।
संस्था के अध्यक्ष किशोर देवानी, दीपक केशवानी, गणेश माधवानी व सोमन परवानी के अनुसार संस्था द्वारा बुजुर्गों की तीर्थयात्रा के अलावा समाज सेवा के अनेक कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें समाज के जरूरतमंद परिवार में से किसी के देहावसान होने पर सहायता-सेवा, मैरिज ब्यूरो का संचालन , परिवार परामर्श केंद्र, गर्मियों में सकोरा-दाना वितरण, पौधारोपण एवं वितरण, दीपावली पर बस्तियों के गरीब बच्चों को नए कपड़े व मिठाई का वितरण आदि सेवा कार्य प्रमुख रूप से किए जाते रहे हैं।



