रायपुर। ईश्वर पब्लिक स्कूल बिरगांव में प्राकृतिक चिकित्सा दिवस बुधवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि इंटरनेशनल नेचुरोपैथी आॅर्गेनाइजेशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. छगनलाल सोनवानी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. उदयभान सिंह चौहान रहे। डॉ. सोनवानी ने कहा कि अनियमित दिनचर्या, जंक फूड का बढ़ता सेवन व नशे की प्रवृत्ति स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। स्वस्थ जीवन के लिए योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा व संतुलित आहार अपनाना चाहिए। स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज व सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने योग व प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों की जानकारी दी और जंक फूड व नशे के दुष्परिणाम उदाहरणों से समझाए। वहीं डॉ. चौहान ने पर्यावरण संरक्षण को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। अंत में संचालक भूपेंद्र सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।