अग्रसेन जयंती समारोह: पारंपरिक वेशभूषा के साथ मंचीय प्रस्तुति ने किया मंत्रमुग्ध
रायपुर। कचना विधानसभा मोहल्ला समिति द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के दूसरे दिन मंच पर बच्चों और युवाओं की प्रस्तुतियों में धर्म-संस्कृति के अलग-अलग रंग दिखाई दिए। पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और सधे हुए हाव-भाव के साथ बाल कलाकारों और महिलाओं द्वारा श्रीराधाकृष्ण की वेशभूषा में दी गई प्रस्तुतियों ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। कभी मां लक्ष्मी की भाव-भंगिमाएं तो कभी भगवान श्रीजगन्नाथजी का स्वरूप देखते ही बना। पीछे एलईडी स्क्रीन पर पौराणिक स्वरूपों और रंगीन दृश्यों ने हर प्रस्तुति को और भी प्रभावी बना दिया। महोत्सव की शुरूआत महाराजा अग्रसेन की आरती और भजनों से हुई। 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए श्लोक प्रतियोगिता हुई। वहीं, 18 वर्ष तक के युवाओं ने ‘योग स्पंदन’ में विभिन्न योगासन प्रस्तुत किए। वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘बुजुर्गों की चौपाल’ और बच्चों के लिए गेम जोन भी रखा गया।






