रायपुर • शिक्षा

डागा कॉलेज की छात्राओं ने लिया पारंपरिक गरबा नृत्य का आनंद

डागा कॉलेज की छात्राओं ने लिया पारंपरिक गरबा नृत्य का आनंद

रायपुर। श्रीमती प्रमिला गोकुलदास डागा कन्या महाविद्यालय, कचहरी के प्रांगण में शुक्रवार को गरबा उत्सव भव्यता के साथ मनाया गया। जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पारंपरिक गरबा नृत्य का आनंद लिया। मुख्य अतिथि रूप में पूजा दानी सम्मिलित हुर्इं। जिन्होंने छात्राओं के साथ गरबा उत्सव में भाग लेकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। पारंपरिक रीति के अनुसार अतिथि सत्कार प्राचार्य डॉ. संगीता घई द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती दानी ने छात्राओं को अपने आशीर्वचन एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक छात्रा को अपने पारिवारिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपने व्यक्तित्व का विकास सामाजिक संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना के साथ करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अजय प्रकाशन की ओर से छात्राओं के अल्पाहार हेतु सहयोग राशि भी प्रायोजित की गई, जिसके लिए महाविद्यालय परिवार ने आभार व्यक्त किया। यह सहयोग छात्राओं के प्रति स्नेह एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को दर्शाता है।

गरबा उत्सव के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग एवं उल्लास का वातावरण रहा। छात्राओं ने पारंपरिक गरबा नृत्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया। महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया।

यह गरबा उत्सव छात्राओं में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान, सामूहिक सहभागिता, आत्मविश्वास और सामाजिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देने वाला एक आनंदमय एवं स्मरणीय आयोजन रहा। महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि श्रीमती पूजा दानी एवं अजय प्रकाशन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी