देश

संत जलाराम बापा के जन्मोत्सव पर छाया भक्तों में उल्लास

3000 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद, बाइक रैली, 251 कलश यात्रा, रास गरबा और भजन जैमिंग ने बांधा समां

रायपुर। सेवा, समर्पण और मानवता के प्रतीक संतश्री जलाराम बापा का 227वां जन्मोत्सव सोमवार को श्रीमारुति मंगलम भवन, गुढ़ियारी में भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। श्रीजलाराम जयंती उत्सव मंडल, फाफाडीह चौक के 50 वर्ष पूरे होने पर यह आयोजन स्वर्णिम वर्ष महोत्सव के रूप में किया गया।

सुबह दही हांडी मैदान, गुढ़ियारी से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बाइक रैली के साथ 251 कलशों की कलश यात्रा भी निकली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। संतश्री जलाराम बापा और भगवान श्रीराम दरबार की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

दोपहर 12 बजे स्थापना आरती हुई। इसके बाद गोंदिया के सुप्रसिद्ध भजन कलाकार मितेश भाई परमार ने भजन, लोकगीत और झांकी की प्रस्तुति दी। शाम को तरुण भाई पिथालिया और मितेश भाई परमार के साथ रास गरबा हुआ, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। रात्रि में बनारस के युवा भजन कलाकार अभिषेक राय और उनकी टीम ने ग्रैंड भजन जैमिंग की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। 108 दीयों की महाआरती और उत्थापन के साथ महोत्सव का समापन हुआ।

दोपहर और रात्रि में महाप्रसाद, भिक्षुक भोजन और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 3000 श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। अन्नकूट के लिए भक्त अपने घरों से विविध पकवान बनाकर लाए थे, जो सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में बांटे गए। श्रीजलाराम जयंती उत्सव मंडल ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं, समाजजनों, कलाकारों, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी