रायपुर। विवेकानंद नगर स्थित श्रीज्ञानवल्लभ उपाश्रय में 9 नवंबर को सुबह 10.30 बजे से जैन समाज का दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं, 10 नवंबर को संभवनाथ जिनालय में मंदिर के द्वार का उद्घाटन होगा। भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण और गौतम स्वामी को कैवल्यज्ञान प्राप्त होने के कथा प्रसंग उपरांत लाभार्थी परिवार द्वारा मंदिर के द्वार खोले जाएंगे।
इसके बाद समस्त श्रीसंघ जिनालय में दर्शन, वंदन और चैत्यवंदन करेगा। तत्पश्चात सभी श्रद्धालु श्रीज्ञानवल्लभ उपाश्रय पहुंचेंगे, जहां मुनिश्री संवेगरत्न सागर महाराज गौतम रास का वर्णन करेंगे।
चातुर्मास समिति के महासचिव सुरेश बरड़िया ने बताया, उपाश्रय में जारी सर्वमंगलमय वर्षावास के अंतर्गत 3 दिवसीय प्रवचनमाला ‘भावी की भविष्यवाणी, प्रभु वीर की जुबानी’ में श्रद्धालु भगवान महावीर स्वामी की अंतिम दिव्य देशना का श्रवण कर रहे हैं।
मुनिश्री संवेगरत्न सागर की वाणी से जारी रहे अध्यात्मिक प्रवचनों में धर्म, ज्ञान और जिनवाणी की अविरल धारा बह रही है। शनिवार को धर्मसभा में मुनिश्री ने भावी के आगे के स्वप्नों का सार बताते हुए कहा कि किस प्रकार श्रावक-श्राविकाएं और साधु-साध्वियां जिनशासन के उज्ज्वल आधार बनेंगे। सुबह 8.45 बजे से आयोजित धर्मसभा में श्रद्धालु पारंपरिक एवं मंगलमय वेशभूषा में साफा पहनकर शामिल हुए।