देश

पीजी उमाठे स्कूल में लगाई गई सेनानियों के चित्रों की प्रदर्शनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था रायपुर द्वारा पी.जी.उमाठे उत्कृष्ट आत्मानंद स्कूल शांतिनगर, रायपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के फोटो सहित जीवन परिचय की प्रदर्शनी लगाई गई। स्कूल प्राचार्य श्रीमती विद्या सिन्हा द्वारा प्रदर्शनी के संकलनकर्ता पी. संतोष नायडू को उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु अभिनंदन पत्र भेंट किया। इसके पूर्व प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन कर प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विद्यार्थियों को संबोधित किया गया। उन्होंने बच्चों को बताया कि आज जो हम खुली हवा में श्वांस ले रहे हैं, इन्ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के द्वारा आंदोलन कर भारत देश को आजाद कराने के कारण ही है। उन्होंने बच्चों को प्रदर्शनी में प्रदर्शित सेनानियों के जीवन परिचय को पढ़कर उनके त्याग-बलिदान से परिचित होने प्रेरित किया। संबोधन पश्चात राष्ट्रगान किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार बाजारी, प्रदेश उपाध्यक्ष पी.संतोष नायडू, सचिव महेश दुबे, कोषाध्यक्ष अजय कुमार जैन, संयुक्त सचिव मंगल सिंग, अध्यक्ष जिला रायपुर राजेन्द्र कुमार उमाठे, श्रीमती अरुणा राजेन्द्र कुमार चौबे एवं स्कूल के सभी शिक्षक-विद्यार्थी उपस्थित थे।

About the author

मीडिया एमपीसीजी