रायपुर। महिलाओं के भावनात्मक स्वास्थ्य और आत्मिक कल्याण को ध्यान में रखते हुए ‘कनेक्ट हर’ द्वारा पीएच वेलनेस हीलिंग सेंटर, देवेंद्रनगर में विशेष फॉरगिवनेस सेशन आयोजित किया गया। सत्र का संचालन प्रानिक हीलर एवं अर्हतिक योगा प्रैक्टिशनर श्वेता साहू ने किया। जिसमें महिलाओं को क्षमा के महत्व और उसके भावनात्मक प्रभाव को समझाया गया। प्रतिभागियों को पुरानी शिकायतों, मन की कड़वाहट और भावनात्मक बोझ को छोड़ने तथा स्वयं और दूसरों को क्षमा करने की प्रक्रिया से परिचित कराया गया। श्वेता साहू ने बताया कि क्षमा का अर्थ किसी के गलत व्यवहार को सही ठहराना नहीं, बल्कि स्वयं को उससे जुड़े भावनात्मक बोझ से मुक्त करना है। क्षमा व्यक्ति को मानसिक शांति, स्वीकार्यता और सकारात्मकता की ओर बढ़ने में सहायता कर सकती है।
कनेक्ट हर की संस्थापक सीए शिखा राखेचा ने बताया, सत्र के दौरान महिलाओं ने खुले मन से अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न अभ्यासों के माध्यम से क्षमा की भावना को आत्मसात करने का प्रयास किया। कार्यक्रम के बाद प्रतिभागियों के बीच आत्मीय संवाद और सकारात्मक जुड़ाव देखने को मिला। यह पहल किसी भी आर्थिक या व्यावसायिक उद्देश्य के बिना, महिलाओं के कल्याण एवं व्यक्तिगत विकास के लिए नि:शुल्क रूप से आयोजित की गई।
कनेक्ट हर की संस्थापक सीए शिखा राखेचा के अनुसार ‘कनेक्ट हर’ यह महिलाओं के लिए एक सामुदायिक मंच है, जहां प्रत्येक मीटअप में नए विषय और विशेषज्ञ के माध्यम से महिलाओं को सीखने, संवाद करने और एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर मिलता है। मंच का उद्देश्य महिलाओं के लिए सकारात्मक और सहयोगी वातावरण तैयार करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा साझा करने, व्यवसाय को बढ़ावा देने और नए संबंध बनाने के साथ-साथ एक-दूसरे से सीख सकें।
आगामी कार्यक्रमों की जानकारी के लिए इंस्टाग्राम पर ‘एट द रेट कनेक्ट __ हर _कम्युनिटी’ से जुड़ा सकता है।