आत्मशुद्धि, तप आराधना और संयम साधना के भावों से सजेगा महोत्सव
रथयात्रा, विरति संवेदना व संगीत संध्या समेत होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम
रायपुर। आत्मकल्याण, तप, त्याग और वैराग्य की भावना को समर्पित तीन दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव ‘संयम संग्रामोत्सव’ का आयोजन 21 से 23 नवंबर तक रायपुर में किया जाएगा। श्रीऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में मुमुक्षु आत्माओं के वैराग्य भाव और संयम मार्ग की अनुमोदना के लिए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव का मूल भाव ‘पर से स्व की ओर, संसार से मोक्ष की ओर’ रखा गया है।
महोत्सव में खरतरगच्छाचार्य जिनपीयूषसागर सूरीश्वर महाराज के शिष्य मुनिश्री संवेगरत्न सागर महाराज एवं शिष्य मुनिगणों सहित बह्मलीन साध्वीवर्या निपुणाश्री महाराज की शिष्या साध्वी मंजुलाश्री महाराज एवं शिष्या साध्वीवृंदों की पावन निश्रा प्राप्त होगी।
चार मुमुक्षु आत्माएं बढ़ेंगी संयम मार्ग की ओर
इस महोत्सव में बालमुमुक्षु निपुण बैद (रायपुर), राखी चोपड़ा (फिंगेश्वर), दर्शिता नाहटा और राशि नाहटा (दल्ली राजहरा) की वैराग्य भावना की अनुमोदना की जाएगी। इनके साथ अन्य मुमुक्षु आत्माओं के भी महोत्सव में शामिल होने की संभावना है।
पहला दिन: अभिषेक, पूजा और भव्य आरती
21 नवंबर को सुबह 9 बजे सदर बाजार जैन मंदिर में शक्रस्तव अभिषेक एवं बहुमान के साथ श्रेणी तप की तपस्वी सुमन छाजेड़ तथा मुमुक्षुओं की अनुमोदना के लिए पूजा और भक्ति का आयोजन होगा। भक्ति की प्रस्तुति मंथन शाह, मुंबई द्वारा दी जाएगी। कार्यक्रम के पश्चात तपस्वी परिवार की ओर से साधार्मिक वात्सल्य रहेगा। शाम 6:30 बजे सदर बाजार जैन मंदिर में मुमुक्षुओं द्वारा भव्य आरती की जाएगी।
दूसरा दिन: रथयात्रा और विरति संवेदना
22 नवंबर को महोत्सव का दूसरा दिन स्थिरता प्रदायक दिवस के रूप में मनाया जाएगा। सुबह 7:45 बजे सदर बाजार जैन मंदिर से मुमुक्षुओं एवं तपस्वियों की भव्य रथयात्रा निकलेगी, जो श्रीजिनकुशल सूरि दादाबाड़ी पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 9:15 बजे श्रीधर्मनाथ जिनालय में मुनिश्री संवेगरत्न सागर महाराज की वाणी से विरति संवेदना का कार्यक्रम होगा। इस दिन नवकारसी और साधार्मिक वात्सल्य की व्यवस्था भी रहेगी। शाम 7 बजे भव्य संयम संवेदना एवं संगीत कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें भावनगर के मिलन मेहता और रायपुर के राहुल झाबक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
तीसरा दिन: बच्चों द्वारा होगी भव्य स्नात्र पूजा
23 नवंबर को महोत्सव के तीसरे दिन सिद्धि दायक दिवस के अंतर्गत सुबह 9 बजे भव्य स्नात्र पूजा होगी। संभव संस्कार सुरभि पाठशाला के बच्चे मुमुक्षु निपुण बैद के साथ श्रीज्ञानवल्लभ उपाश्रय विवेकानंद नगर में यह धार्मिक विधि संपन्न करेंगे। श्रीऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में सहभागी बनकर मुमुक्षुओं की अनुमोदना करने और इस आध्यात्मिक अवसर के साक्षी बनने का आग्रह किया है।