रायपुर। आमतौर पर आपने दूल्हे की बारात देखी होगी। बैंड-बाजे, नाचते-गाते बाराती, घोड़ी पर सवार दूल्हा। लेकिन रायपुर में बुधवार को कुछ ऐसा हुआ, जिसे देखकर हर किसी की आंखें भर आईं और दिल गदगद हो गया।

वीआईपी रोड के समीप अग्रसेन धाम से जब 9 दुल्हनों की बारात निकली, तो पूरा माहौल भावुक हो गया। सजी-धजी बघ्घी पर सवार 9 कन्याएं, सिर पर मुकुट, चेहरे पर लाज और आंखों में नए जीवन के सपने। आगे-आगे बैंड, पीछे-पीछे नाचते-गाते 500 समाजसेवी। मंडप प्रवेश पर जब पुष्पवर्षा हुई, तो लगा जैसे आसमान से भी आशीर्वाद बरस रहा हो। ये कोई साधारण विवाह नहीं था। ये था सामाजिक संस्था ‘सेवा पथ’ का 7वां नि:शुल्क कन्यादान महायज्ञ।

मायरा पक्ष बना ‘सेवा पथ’
इस आयोजन की सबसे बड़ी खूबसूरती यही थी कि यहां कोई कैश काउंटर नहीं था। किसी से दान नहीं मांगा गया। संस्था ने ही मायरा पक्ष की हर जिम्मेदारी निभाई। मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से आई 9 कन्याओं के लिए वही सब कुछ किया गया, जो हर बेटी अपने विवाह में चाहती है। मुकुट बंधन, बारात, लेडीज संगीत, वेदी फेरे, रिसेप्शन, आर्केस्ट्रा। कोई अरमान अधूरा नहीं रहने दिया गया। पिछले 6 वर्षों में संस्था 54 कन्यादान करा चुकी है। इस बार 9 और जुड़ गर्इं। कुल आंकड़ा अब 63 पहुंच गया है।
एक दिन पहले मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की तरह हुआ पूजन
विवाह से एक दिन पहले, मंगलवार 17 नवंबर को सिंधी समाज की प्रथा के अनुसार माता की चौकी सजाई गई। नौ बहराणे साहेब धूमधाम से निकाले गए। गुजरात से सेहरावाले सांई, महाराष्ट्र से पिंकी माताजी, गोंदिया से भोलाराम सांई सहित अनेक संतों के सानिध्य में 9 कन्याओं का मां दुर्गा के पवित्र नौ स्वरूपों के रूप में पूजन किया गया, आरती उतारी गई।
50 ब्यूटीशियंस ने सजाया, 150 सेवादारों ने निभाई सेवा
बुधवार की सुबह कांकेर, धमतरी, गोंदिया, रायगढ़, बिलासपुर से आई 50 ब्यूटीशियन महिलाओं ने नि:शुल्क सेवा देकर 9 दुल्हनों का श्रृंगार किया। संस्था के 150 सेवादार दिनभर दौड़ते रहे, ताकि किसी कन्या को किसी चीज की कमी महसूस न हो।
अमीर-गरीब का फर्क मिट गया
संस्था की सुलोचना नारायणी, मीना और सरिता चंदानी बताती हैं, इस आयोजन ने समाज को एक बड़ा संदेश दिया है। कम खर्च में भी आदर्श और व्यवस्थित विवाह हो सकता है। यहां सक्षम पिताओं ने भी अपनी बिटिया का विवाह कराया, ताकि अमीर-गरीब का फर्क ही महसूस न हो। पूनम नत्थानी, कृपा आहूजा और ज्योति गेलानी ने बताया, जिन सज्जनों की कोई बेटी नहीं है, वे इस आयोजन में शामिल होकर नि:शुल्क कन्यादान के पुण्य के भागी बने।
सबके सहयोग से बना महायज्ञ
संस्था प्रमुख पहलाज खेमानी और संजय लालवानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ सिंधी साधु समाज, सिंधू महाराज मंडल, अग्रवाल सभा, श्रीरामस्वरूप निरंजनलाल चैरिटेबल ट्रस्ट सहित धमतरी, कांकेर, भानुप्रतापपुर, तिल्दा, भाठापारा, राजनांदगांव, भिलाई, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर की पूज्य सिंधी पंचायतों ने इस आयोजन में सहयोग दिया। वहीं राजकुमार, रवि पंजवानी, अनिल नैनवानी, अनिल रूपचंदनी, दिलीप नागपाल, संदीप चंदानी, संजय खूबचंदानी, सुरेश लालवानी, संदीप लालवानी, दीपक केवलानी, निक्की मिर्घानी, रेखा धर्मानी, लता बुधवानी, प्रिया नेभानी सहित सभी सेवादारों ने अथक सेवाएं दीं।
और फिर विदा हो गईं 9 बेटियां…
शाम ढलते-ढलते जब 9 कन्याएं विदा हुईं, तो अग्रसेन धाम में हर आंख नम थी। लेकिन सबके चेहरे पर एक संतोष था। क्योंकि आज 9 बेटियों के अरमान पूरे हुए थे। और समाज ने फिर साबित कर दिया था कि बेटी सबकी होती है, और उसका कन्यादान सबसे बड़ा पुण्य है।



