रायपुर। विप्र समाज की ओर से सोमवार को विप्र भवन रायपुर में गर्ग गोत्रीय शुक्ल सम्मेलन का आयोजन किया गया। साथ ही प्रतिवर्ष आयोजित किए जा रहे शुक्ल सम्मेलन के आयोजन का रजत जयंती समारोह भी मनाया गया। यह विप्र परंपरागत रीतियों में आवश्यक सुधार के संदर्भ में लिए गए निर्णयों की परिकल्पना को मूर्त रूप देने का अवसर रहा। इस सम्मेलन में पंढरभट्टा, टेमरी, एरमशाही, किरना, चिचोली, खैरा विप्रजनों का समागम हुआ। सादगीपूर्ण एवं द्वि-दिवसीय इस भव्य आयोजन की रूपरेखा लगभग तीन माह पहले तैयार की गई थी जिसके संयोजक अधिवक्ता अभिषेक शुक्ल बनाए गए। इस प्रसंग पर उन्होंने कहा, आत्मीय जन हमारे परिवार के लोगों की सहज, सुलभ व आत्मीय शुभाशीष से यह कार्यक्रम अपनी उत्कृष्टता को छू पाया।
उपस्थित गर्ग गोत्रीय शुक्ल समाज जनों ने शालीनतापूर्वक सम्मेलन में लाए गए प्रस्तावों पर अपनी मुहर लगाई। संयोजक शुक्ल ने कहा कि इससे परिवार और समाज निर्माण की दिशा में निश्चित ही एक भविष्य निर्धारित हुआ है। आशा और अपेक्षा है कि इस वंशगठन की प्रक्रिया में प्रत्येक व्यक्ति से मानसिक-शारीरिक बल निरंतर प्राप्त होता रहेगा। इस प्रकार समाज सुधार की प्रक्रिया निरंतर जारी रखी जाएगी, इसी छोटी इकाई से आगे बढ़ते हुए भविष्य बड़े रूप में सुगठित-संचारित व जीवंत सनातन समाज का निर्माण सम्भव है। इस अवसर पर सभी बड़ों ने अपनी मधुर वाणी में छोटों को आशीर्वाद दिया और छोटों ने बड़ों से शुभाशीष प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन के विवरण पर आधारित एक स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा। स्नेह भोज के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।
मातृशक्तियों ने दी काव्य प्रस्तुतियां
प्रथम दिवस हमारी मातृ शक्तियों ने बेटियों, बुआ, बहनों ने मिलकर पीहरनुराग की प्रस्तुति से सबको आल्हादित कर दिया। इसमें तनया, प्रभा, नंदिनी की प्रमुख सहभागिता रही। इस कार्यक्रम का संचालन मातृशक्तियों ने स्वयं किया। इस प्रसंग पर आयोजित पारिवारिक कवि सम्मेलन में मातृशक्तियों ने अपनी काव्य प्रस्तुतियां दीं। द्वितीय दिवस भी अभ्यागत कविता पाठन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का संचालन शजिन्ता, संस्कृति, कौस्तुभ, अधिवक्ता कृष्ण कुमार शुक्ल, अनिमेष ने किया। प्रत्यक्ष सहयोगी रहे अविनाश शुक्ल, डॉ. हरिन्द्र मोहन, स्वीटी, तुलसी, अनुपमा, श्वेता, सीमा, ज्योति, अर्चना, रिंकी, श्रेयांस, चिन्मय, देवेन्द्र, कुलदीप। वहीं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान किया रोशनी, कोमल, निशा अमित, विजित, परिवेश व सुयश ने।