कुर्सी-जलेबी दौड़,तेज चाल, गोला फेंक, टेनिस बॉल थ्रो, मटका फोड़ में दिखाया हुनर
रायपुर। समाज कल्याण विभाग रायपुर ने सोमवार की सुबह बीटीआई मैदान में वरिष्ठ नागरिकों के लिए खेलकूद का आयोजन किया। जिसमें सीनियर सिटीजन्स वेलफेयर फोरम रायपुर के पुरुषों और महिलाओं ने उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वरिष्ठ नागरिकों ने जहां रस्सा खींच स्पर्धा में अपना दमखम दिखाया। वहीं कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, तेज चाल, गोला फेंक, टेनिस बॉल थ्रो और मटका फोड़ में भी उन्होंने अपने हुनर का लोहा मनवाया।
समाज कल्याण विभाग रायपुर की ओर से सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए यहां चाय,पानी,नाश्ते और बैठने की उम्दा व्यवस्था रही। जिसमें विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने पूरी तन्मयता से जिम्मेदारी निभाई। सीनियर सिटीजन्स वेलफेयर फोरम रायपुर के अध्यक्ष प्रकाश सुरावधनीवार समेत सचिव, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और पूरी कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार-धन्यवाद व्यक्त किया। खेलकूद स्पर्धा के सभी विजेताओं का सम्मान राज्य शासन के समाज कल्याण विभाग रायपुर की ओर से किया जाएगा।




