रायपुर। भूमिहार ब्राह्मण एवं भोजपुरी समाज के सदस्यों ने भगवान विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बंजारी माता मंदिर के समीप भनपुरी स्थित मशीन मैन्युफैक्चरिंग इंटरनेशनल कारखाने में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एवं मनोचिकित्सक डॉ. अभिषेक पल्लव का स्वागत-अभिनंदन किया गया। भोजपुरी समाज के प्रदेश अध्यक्ष मुक्तिनाथ पांडे, भूमिहार ब्राह्मण समाज के सचिव शेषनाथ तिवारी व सुधीर राय ने उन्हें श्रीफल एवं शॉल भेंट किए। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी व सदस्य पप्पू मिश्रा, विवेक, राजेंद्र, हनुमान सिंह, कांति भाई समेत बड़ी संख्या में अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अभिषेक पल्लव ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को ब्रह्मांड का महान वास्तुकार और निर्माण का देवता माना जाता है। विश्वकर्मा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रम, तकनीक, निर्माण और कर्म के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि इस दिन कारखानों, उद्योगों और कार्यस्थलों में मशीनों, औजारों, उपकरणों एवं कंप्यूटर आदि की पूजा की जाती है। लोग अपने कार्य में सहयोग देने वाले उपकरणों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए व्यवसाय में उन्नति, समृद्धि, सफलता और कार्यक्षेत्र की बाधाओं के दूर होने की कामना करते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का संदेश दिया।



