भगवान महावीर स्वामी को निर्वाण एवं गौतम स्वामी को कैवल्यज्ञान पर चढ़ाया गया निर्वाण लड्डू
रायपुर। विवेकानंद नगर स्थित श्री ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में परम पूज्य मुनिश्री संवेगरत्न सागर महाराज. आदि ठाणा-5 की पावन निश्रा में जारी सर्वमंगलमय वर्षावास के अंतर्गत दीपावली मिलन समारोह और भगवान महावीर स्वामी के निर्वाणोत्सव एवं गौतम स्वामी के कैवल्यज्ञान उत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ किया गया। कार्तिक बदी अमावस्या के पावन अवसर पर भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण और गौतम स्वामी को सुबह कैवल्यज्ञान प्राप्त होने की पावन स्मृति में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम हुए।
इस अवसर पर 10 नवंबर को प्रातः लाभार्थी परिवार की उपस्थिति में विवेकानंद नगर के श्रीसंभवनाथ जिनालय के द्वार का उद्घाटन किया गया। मुनि भगवंतों की पावन निश्रा में पूजा-अर्चना एवं भक्ति का आयोजन हुआ। भगवान महावीर स्वामी को निर्वाण लड्डू अर्पित किया गया,वहीं गौतम स्वामी को कैवल्यज्ञान प्राप्त होने के उपलक्ष्य में लड्डू चढ़ाया गया। इसके बाद धर्मसभा में मुनिश्री के मुखारविंद से श्रद्धालुओं ने गौतम रास, भक्ताम्बर स्तोत्र एवं दादा गुरुदेव इकतीसा का पाठ श्रवण किया।
धर्मसभा में मुनिश्री ने भगवान महावीर के निर्वाण और गौतम स्वामी को प्राप्त कैवल्यज्ञान के प्रसंगों की व्याख्या की। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से जिनवाणी का श्रवण कर धर्मलाभ लिया।
दीपावली मिलन समारोह मनाया गया
चातुर्मास समिति के अध्यक्ष जसराज लुनिया एवं महासचिव सुरेश बरड़िया ने बताया कि 9 नवंबर को श्री ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें समाज के प्रमुखजनों सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और परमात्मा से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं धन-धान्य की प्रार्थना की गई।