प्रथम बार गूंजा गौतम रास, बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने लिया धर्मलाभ
रायपुर। भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक के पावन अवसर पर नवकार नगर स्थित मुनिश्री सुब्रत स्वामी जिनालय में प्रतिष्ठा के पश्चात पहली बार द्वारोद्घाटन किया गया। इस पुण्य अवसर पर बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएँ उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान को निर्वाण लड्डू, फल एवं मिष्ठान अर्पित कर भक्तिभाव से वंदन किया।
द्वारोद्घाटन के पश्चात पहली बार जिनालय में मुनिश्री सत्त्वरत्न महाराज की वाणी से गौतम रास का श्रवण हुआ। महाराज साहब ने गौतम रास की महिमा, इंद्रभूति गौतम स्वामी के जीवन प्रसंगों और भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से धर्मलाभ लिया।
जैन परंपरा में निर्वाण लड्डू अर्पित करना भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक के प्रति श्रद्धा और वंदना का प्रतीक है। यह अवसर भगवान के तप, संयम और आत्मकल्याण के संदेश का स्मरण कराता है।