मुनिश्री आगम सागर व मुनिश्री पुनीत सागर का मिला पावन सानिध्य
प्रभु महावीर स्वामी मोक्ष कल्याणक महापर्व 9 को
रायपुर। दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में मुनिश्री आगम सागर महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में चल रहे संयोपदेश वर्षायोग-2026 चातुर्मास के अंतर्गत शुक्रवार को विविध धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला चली। समयोपदेश वर्षायोग 2026 के अध्यक्ष संजय जैन नायक व सचिव राजेश रज्जन जैन ने बताया, प्रात: 8 बजे मूलनायक भगवान की बेदी के समक्ष श्रीजी को पाण्डुक शिला पर विराजमान कर भव्य अभिषेक व शांतिधारा की गई। शांतिधारा का सौभाग्य कोटा-राजस्थान निवासी जयप्रकाश जैन व रजत जैन सभद्रा परिवार को प्राप्त हुआ।
मुनि पुनीत सागर महाराज ने अपनी धार्मिक कक्षा में ग्रंथराज ‘इष्टोपदेश’ का बहुत ही सुंदर और मर्मस्पर्शी अध्ययन करवाया। उन्होंने श्रद्धालुओं को आत्म-कल्याण का मार्ग दिखाते हुए अपने उद्बोधन में समझाया कि शरीर का स्वभाव धोखा देने वाला है, अत: इसे अपनी आत्मा मत समझो। आत्मा अमर है जबकि यह शरीर पूरी तरह नश्वर है। एक मूर्ख व्यक्ति ही नश्वर शरीर को अपना मानता है। जिस मकान या घर में मुनिराज के चरण नहीं पड़ते, वह घर श्मशान के समान है। जड़ पदार्थों से मोह रखने पर जड़ (कर्म) जन्म-जन्मांतर तक चिपकता जाता है। ज्ञान रूपी धन से जड़ (भौतिक) धन नहीं बढ़ता। वह धन ही उत्कृष्ट और श्रेष्ठ है जो केवल वास्तविक ज्ञान से प्राप्त होता है। भौतिक धन आत्मा के स्वभाव से सर्वथा भिन्न है। पति और पत्नी दोनों का शरीर अलग-अलग होता है। जैसे यदि किसी एक को भूख लगती है और वह भोजन करता है, तो उसी का पेट भरता है, ठीक उसी प्रकार संसार में प्रत्येक जीव को अपना-अपना धर्म स्वयं ही करना पड़ता है और उसके कर्मों का फल भी उसी को भोगना पड़ता है। किंतु आज के समय में लोगों ने मिथ्यात्व के माध्यम से अलग-अलग मान्यताएं और व्यवस्थाएं बना ली हैं। विवाह का मुख्य उद्देश्य धर्म और संतान की उत्पत्ति होता है, परंतु आज के लोग केवल अपनी कृत्रिम लाइफस्टाइल और संकीर्ण सोच के कारण संतान उत्पन्न नहीं करते, जिसे मुनि ने महापाप बताया है। वृक्ष पर पक्षी आकर थोड़ी देर बैठते हैं और मौन रहते हैं, किंतु दिन निकलते ही वे चहचहाते हैं और उड़ जाते हैं। मनुष्य का जीवन भी बिल्कुल ऐसा ही है। मनुष्य जन्म लेकर इस संसार में बैठता है और अंतत: नष्ट हो जाता है। अत: मोह को कम करें और यदि आपके पास बुद्धि, साहस और उचित समय है, तो बिना देर किए अपना आत्म-कल्याण कर लेना चाहिए। जो जितना अधिक सहन करेगा, वह उतना ही आध्यात्मिक रूप से ऊपर उठेगा।
संतों को नवधा भक्ति के साथ आहार दान देने का सौभाग्य टैगोर नगर निवासी जीवन लाल जैन, चंद्रवती जैन, पुष्पेंद्र जैन, रोहिता जैन, अपराजिता जैन, ईशान जैन, मालवीय रोड निवासी शालिनी प्रभात जैन, जैन बाड़ा निवासी सरिता जैन, सपना जैन व रेखा जैन एवं मंदिर कार्यालय के सामने निवासी पुष्पादेवी बंशीलाल जैन को प्राप्त हुआ।
9 नवंबर को भव्य महा-महोत्सव निर्वाण लाडू एवं पावन कलशों का निष्ठापन
समयोपदेश वर्षायोग समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज रायपुर द्वारा 9 नवंबर, सोमवार को 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के पावन मोक्ष कल्याणक महापर्व के मंगल अवसर पर बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में एक विशाल धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा।
1. प्रात: 7:00 बजे भव्य अभिषेक एवं शांतिधारा: प्रात: काल जिनेन्द्र देव का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अभिषेक तथा संपूर्ण विश्व में सुख, शांति, समृद्धि एवं सर्वजन हिताय की भावना के साथ शांतिधारा संपन्न होगी।
2. भगवान महावीर स्वामी पूजन: मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर विशेष अष्टद्रव्य पूजन एवं संगीतमय अर्घ्य समर्पण किया जाएगा।
3. निर्वाण लाडू समर्पण: 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष गमन के पावन प्रसंग पर भव्य रूप से निर्वाण लाडू समर्पित किया जाएगा।
4. कलश निष्ठापन एवं आमंत्रण: समयोपदेश वर्षायोग 2026 के पावन कलशों का सविधि निष्ठापन किया जाएगा तथा कलश धारकों द्वारा सपरिवार कलश प्राप्ति के लिए सभी को सादर आमंत्रित किया गया है।
5. मांगलिक बोलियां: कार्यक्रम के दौरान फूलमाला, आरती एवं विविध मांगलिक क्रियाओं की बोलियां मुनि 108 आगम सागर महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में संपन्न कराई जाएंगी।
वर्षायोग समिति एवं मंदिर प्रबंधकारिणी ने रायपुर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से विनम्र अपील की है कि वे 9 नवंबर को प्रात: 7 बजे समय पर उपस्थित होकर इस महान धार्मिक अनुष्ठान और जिनशासन प्रभावना का हिस्सा बनें तथा अपने जीवन को धन्य कर पुण्य लाभ अर्जित करें।