देश

रोटरी क्वीन्स ने विशेष बच्चों के संग मनाई खुशियों की दिवाली

प्रेम, अपनत्व और सेवा के रंगों से सजा दीपावली उत्सव

रायपुर। रोटरी क्लब आॅफ रायपुर क्वीन्स ने ब्लाइंड एवं डेफ स्कूल में विशेष बच्चों के साथ दीपावली का पर्व बड़े उत्साह, उमंग और आत्मीयता के साथ मनाया। अध्यक्ष शीतल गोयल व सचिव सपना अग्रवाल बताया, इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। दृष्टिबाधित बच्चों ने मधुर गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, वहीं श्रवणबाधित बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी कला और आत्मविश्वास का परिचय दिया। बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और चेहरे पर खिलती मुस्कान ने सभी को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर बच्चों को मिठाइयां वितरित की गर्इं। क्वीन्स ने बच्चों के साथ मिलकर पटाखे जलाए और ढेर सारी खुशियां साझा कीं। बच्चों के साथ बिताए ये पल सभी के लिए बेहद यादगार और भावुक कर देने वाले रहे। विद्यालय के समर्पित शिक्षकों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने अपने स्नेह, धैर्य और अथक मेहनत से बच्चों को इतनी सुंदर प्रस्तुतियों के लिए तैयार किया। विद्यालय के प्राचार्य का विशेष अभिनंदन किया गया। क्लब मेंबर्स ने कहा, इस संस्थान के प्राचार्य स्वयं दृष्टिबाधित होने के बावजूद जिस कुशलता, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ पूरे विद्यालय का संचालन कर रहे हैं, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जज्बा और सकारात्मक दृष्टिकोण वास्तव में सराहनीय है।

अध्यक्ष व सचिव रोटेरियन ने कहा कि रोटरी क्वीन्स का उद्देश्य केवल त्योहार मनाना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खुशियां बांटना, उनके जीवन में प्रेम और अपनत्व का दीप जलाना है। विशेष बच्चों के साथ दीपावली मनाना क्लब के लिए गर्व और आनंद का विषय रहा। सच्ची दिवाली वही है, जब हमारे प्यार और सेवा से किसी के चेहरे पर मुस्कान खिले और किसी का जीवन खुशियों से रोशन हो जाए।

About the author

मीडिया एमपीसीजी