युवाओं एवं संस्कार शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं डॉ. पल्लव
रायपुर। संस्कार शिक्षा फाउंडेशन द्वारा पूर्व पुलिस अधीक्षक एवं चिकित्सक डॉ. अभिषेक पल्लव को उनके सामाजिक योगदान, प्रेरणादायी व्यक्तित्व एवं युवाओं के मार्गदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं अध्यक्ष डी.के. शर्मा तथा सीईओ एवं महासचिव अनिल सिंह ने उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डी.के. शर्मा ने कहा कि डॉ. अभिषेक पल्लव आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका व्यक्तित्व, कार्यशैली, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने संस्कार शिक्षा फाउंडेशन में कार्यरत संस्कार शिक्षकों एवं युवाओं को प्रशिक्षण देकर उनका मनोबल बढ़ाया तथा हमेशा कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया है। डॉ. अभिषेक ने मनोचिकित्सक के रूप में भी विभिन्न प्रतिष्ठित अस्पतालों में अपनी सेवाएं दी हैं। मानव व्यवहार एवं मनोविज्ञान की गहरी समझ के माध्यम से वे लोगों में उनकी क्षमताओं को पहचानने, आत्मविश्वास विकसित करने और अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने प्रेरित करते रहे हैं। इस अवसर पर संस्कार शिक्षा फाउंडेशन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि संस्था विगत एक वर्ष से छत्तीसगढ़ राज्य में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को संस्कार शिक्षकों के माध्यम से नि:शुल्क संस्कार शिक्षा एवं नैतिक शिक्षा प्रदान करने का कार्य कर रही है। इसके साथ ही बच्चों एवं युवाओं में सामाजिक जागरूकता, अनुशासन, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों के विकास तथा नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से एक स्वस्थ एवं संस्कारित समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
फाउंडेशन का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि बच्चों एवं युवाओं में अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करना भी है। संस्कार शिक्षा फाउंडेशन ने डॉ. अभिषेक पल्लव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि उनका मार्गदर्शन एवं सहयोग भविष्य में भी युवाओं और संस्था के कार्यकतार्ओं को नई दिशा एवं ऊर्जा प्रदान करता रहेगा।