देश

संविधान दिवस पर आज संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ

रायपुर। राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज द्वारा 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर घड़ी चौक स्थित भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा के समक्ष विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संगठन के राष्ट्र युवा संगठन प्रभारी आशीष तांडी ने बताया, इस अवसर पर महासमाज के पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर संविधान के मूल आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया जाएगा।कार्यक्रम में राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के संस्थापक, अधिवक्ता भगवानू नायक विशेष रूप से सम्मिलित रहेंगे।

आशीष तांडी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में अत्यंत गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक महत्व रखता है। भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, गरिमा एवं न्याय का अधिकार प्रदान करते हुए सामाजिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया है। राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज ने आम नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों से भी अपील की है कि वे संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का वाचन करें तथा बाबा साहेब के विचारों और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें।

About the author

मीडिया एमपीसीजी