देश

अगहन गुरुवार के विशेष पूजन आज से

इस बार नवंबर से दिसंबर तक आएंगे पांच अगहन गुरुवार

मां लक्ष्मी की कृपा पाने किया जाता है अगहन गुरुवार का व्रत

रायपुर। मार्गशीर्ष मास को हिन्दू पंचांग के अनुसार अगहन मास कहा जाता है। यूं तो हर माह की अपनी विशेषताएं हैं, लेकिन मार्गशीर्ष का सम्पूर्ण मास धार्मिक दृष्टि से पवित्र माना जाता है। इस मास को श्रीकृष्ण और मां लक्ष्मी का मास कहा जाता है और मां लक्ष्मी का स्वागत करने प्रत्येक बुधवार को रंगोली से मां लक्ष्मी के पद चिन्ह बनाते हुए उनकी आराधना की जाती है। इस वर्ष नवंबर से दिसंबर तक पांच अगहन गुरुवार आ रहे हैं। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि अगहन मास के सभी गुरुवार को पूजा करने से पुण्य फल मिलता है।

मां महामाया मंदिर रायपुर के ज्योतिषी पंडित मनोज शुक्ला ने बताया कि पहले अगहन गुरुवार का शुभारंभ 26 नवंबर को होने जा रहा है। वहीं दूसरा 03 दिसंबर, तीसरा- 10 दिसंबर, चौथा- 17 दिसंबर और पांचवा अगहन गुरुवार 24 दिसंबर को है।

धर्मशास्त्री पं. चन्द्रभूषण शुक्ला ने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार इस महीने मां लक्ष्मी बैकुंठधाम से आकर पृथ्वीलोक में विचरण करती हैं। और विशेष कर ऐसे घर का आतिथ्य स्वीकार करती हैं, जहां पर साफ-सफाई, ईमानदारी, सच्चाई और आध्यात्मिकता का माहौल हो। गुरुवार को मां लक्ष्मी का वार माना जाता है, लिहाजा पूरे मास घर में नए चावल के आटे का घोल (रेहन) बनाकर घर के द्वार से लेकर सभी कमरों पूजा स्थल, तुलसी चौरा तक मां लक्ष्मी के पद चिन्ह बुधवार की शाम/रात्रि में बनाकर, गुरुवार की भोर ब्रम्हमुहूर्त में ही स्नान कर स्वच्छ वस्त्र पहन कर घर के दरवाजे खोलकर मां लक्ष्मी के आगमन की कामना से पूजा की जाती है, दीप जलाए जाते हैं। चरण चिन्ह के पास अक्षत फूल अर्पण कर दीपक जलाकर मां लक्ष्मी का स्वागत किया जाता है।

अगहन मास में गुरुवार के दिन हर घर में मां लक्ष्मी का पूजन होता है और हर घर में मां लक्ष्मी के साथ गौरी- गणेश, नवग्रह, कलश की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। हर घर के द्वार पर दीपों से रोशनी की जाती है। पूजा की तैयारी बुधवार की शाम से ही शुरू कर दी जाती है। हर घर के मुख्य द्वार से लेकर आंगन और पूजा स्थल तक चावल आटे के घोल से आकर्षक अल्पनाये (रंगोली) बनाये जाते है । इन अल्पनाओं में मां लक्ष्मी के पांव, कलश, स्वास्तिक विशेष रूप से बनाए जाते हैं। शाम होते ही मां लक्ष्मी के सिंहासन को आमपत्ता, केलापत्ता, आंवला पत्ता और धान की बालियों से सजाया जाता है और कलश की स्थापना कर अखंड दीप जलाकर मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है तथा लक्ष्मी पुराण का पाठ किया जाता है। इसके बाद उन्हें फल एवं विशेष प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाता है।

शिव विहार कॉलोनी रायपुरा निवासी गृहणी श्रीमती श्रद्धा शुक्ला, श्रीमती सावित्री साहू, ब्राह्मण पारा की श्रीमती ममता पांडेय, चंगोराभाठा की श्रीमती माया तिवारी, पुरानीबस्ती की श्रीमती कविता शुक्ला, श्रीमती ज्योति शुक्ला हर बुधवार को मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी करती है और हर गुरुवार को प्रात:काल उठकर विधिवत पूजा करती है। वे कहती हैं कि ऐसी मान्यता चली आ रही है कि अगहन महीने के गुरुवार पूजा में मां लक्ष्मी को प्रत्येक गुरुवार को अलग-अलग पकवानों का भोग लगाने से उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। गुरुवार को पूजा-अर्चना के बाद शाम होते ही प्रसाद खाने के लिए विशेष रूप से परिजनों को निमंत्रण दिया जाता है। बुधवार शाम से लेकर गुरुवार की रात तक अगहन मास के गुरुवार पूजा की धूम रहती है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी