देश

विद्यार्थियों ने पुराने वस्त्र एकत्र कर 800 लोगों को किया वितरण

रायपुर। हर साल की तरह इस बार भी दीपावली पर छत्रपति शिवाजी स्कूल की दो शाखाओं के विद्यार्थियों ने ‘बांटे खुशियां त्यौहार की’ अभियान के तहत पिछले 15 दिनों से पुराने व उपयोगी वस्त्रों को संग्रह करने का अभियान चलाया। इसके अंतर्गत करीब आठ सौ लोगों के लिए पुराने वस्त्र एकत्र कर लिए गए थे। आज 6 नवंबर को इन विद्यार्थियों द्वारा मेकाहारा के कैंसर विभाग के बाहर स्टॉल लगाकर जरूरतमंदों को इन वस्त्रों का वितरण किया गया। इन वस्त्रों को लेने के लिए अस्पताल प्रांगण में बच्चों, पुरुषों, महिलाओं, बालिकाओं सभी ने कतार में खड़े होकर अपनी आवश्यकतानुसार कपड़ों को प्राप्त कर खुशियों का इजहार किया। मनपसंद कपड़े पाकर सभी के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर कैंसर विभागाध्यक्ष व मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी, डॉ. स्मित श्रीवास्तव, डॉ. नरेंद्र चंद्राकर ने वस्त्र वितरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्कूल संचालक मुकेश शाह समेत शिक्षिकाएं माया चौहान, पार्वती देवांगन, रचना सोनी, कृष्णा विशाल, सुरेश यादव, कैलाश देवांगन, स्कूल के हेड ब्वाय प्रखर वर्मा, असिस्टेंट हेड ब्वाय अंकित सिंह ठाकुर, अनुराग वाकड़े, भूमिका मानिकपुरी,आमना रंगरेज समेत अनेक विद्यार्थी भी शामिल रहे।

About the author

मीडिया एमपीसीजी