देश

कुम्हारी के विनय व दामिनी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

झारखंड के फेस्टिवल में ओडिसी नृत्य

से मोहा दर्शकों का मन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सार्थक ग्रीन कॉलोनी कुम्हारी के निवासी विनय गायकवाड़ एवं दामिनी गायकवाड़ ने झारखंड के घाटशिला स्थित ऐतिहासिक त्रिवेणीश्वर मंदिर में आयोजित त्रिवेणीश्वर म्यूजिक एंड डांस फेस्टिवल-2026 में ओडिसी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर अपने शहर और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया।

दोनों कलाकार कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय के विद्यार्थी हैं तथा वर्तमान में ओडिसी नृत्य का अध्ययन कर रहे हैं। अपनी कला और प्रतिभा के माध्यम से वे अब तक छत्तीसगढ़ सहित देश के कई अन्य राज्यों में नृत्य प्रस्तुतियां दे चुके हैं। घाटशिला में आयोजित इस महोत्सव में विनय और दामिनी ने भगवान शिव को समर्पित ‘शिव वंदना जय महेशा’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनकी शानदार नृत्य शैली, आकर्षक भाव-भंगिमाओं और उत्कृष्ट तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव भक्ति से ओतप्रोत इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और उपस्थित दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इस उपलब्धि के लिए महोत्सव के निर्देशक ओमिनिश दाश द्वारा दोनों कलाकारों को प्रतिष्ठित ‘नृत्य रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी निरंतर साधना, समर्पण और ओडिसी नृत्य के प्रति उनकी निष्ठा का प्रतीक है। दोनों युवा कलाकार अपनी कला के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उनकी यह सफलता क्षेत्र के उभरते कलाकारों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी