7वें समारोह में होगा 9 कन्याओं का विवाह, निकलेगी ऐतिहासिक बारात
रायपुर। सामाजिक संस्था ‘सेवा पथ’ द्वारा पिछले 6 वर्षों में 54 कन्यादानों के बाद सातवीं बार बुधवार, 18 नवंबर को नि:शुल्क कन्यादान समारोह आयोजन किया जाएगा। तैयारी को लेकर विमतारा हॉल शांतिनगर में समाज की वृहद बैठक हुई, जिसमें रायपुर सहित बाहर की पंचायतों के 500 समाजसेवी शामिल हुए।
संस्था प्रमुख पहलाज खेमानी और संजय लालवानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ सिंधी साधु समाज, सिंधू महाराज मंडल, अग्रवाल सभा, श्रीरामस्वरूप निरंजनलाल चैरिटेबल ट्रस्ट, पूज्य सिंधी पंचायतों सहित धमतरी, कांकेर, भानुप्रतापपुर, तिल्दा, भाठापारा, राजनांदगांव, भिलाई, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर की पंचायतें सहयोग दे रही हैं। इस आयोजन में कोई कैश काउंटर नहीं रखा गया है। उपहार देने वाले सीधे वर-वधु को उपहार भेंट कर सकते हैं। इस समारोह में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की विवाहयोग्य कुल 9 कन्याओं का कन्यादान होगा।
आज माता की चौकी व बहराणा साहेब
17 नवंबर को माता की चौकी और बहराणा साहेब निकाला जाएगा, साथ ही नवविवाहित कन्याओं की ऐतिहासिक शोभायात्रा निकलेगी। विवाह में मुकुट बंधन, बारात, लेडीज संगीत, वेदी फेरे, रिसेप्शन, आर्केस्ट्रा सहित अपनी-अपनी शादी में कन्याओं द्वारा सजाए हुए उनके सारे अरमान पूरे किए जाएंगे। कांकेर, धमतरी, गोंदिया, रायगढ़, बिलासपुर आदि से 50 ब्यूटीशियन महिलाएं नि:शुल्क श्रृंगार सेवा देंगी। इस महायज्ञ में सेहरावाले साईंजी गुजरात, पिंकी माता- महाराष्ट्र, भोलाराम साईं गोंदिया सहित अन्य सतों का सानिध्य प्राप्त होगा। संस्था के 150 सेवादार अपनी सेवा प्रदान करेंगे।