समाज के बीच बेहतर समन्वय से सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा: खोड़सराम कश्यप
रायपुर। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा समाज के शासकीय-अशासकीय सेवारत तथा सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों की रविवार को एक संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान समाज की वार्षिक वैवाहिक परिचय पुस्तिका ‘परिणय पुष्प’ के अंक-18 का विमोचन भी हुआ। केंद्रीय कार्यालय नरदहा- रायपुर में आयोजित इस समारोह को संबोधित करते हुए समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोडस राम कश्यप ने कहा, अधिकारी-कर्मचारियों और समाज के बीच बेहतर समन्वय, सहयोग एवं सहभागिता से समाज के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
विशिष्ट अतिथि रूप में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल सम्मिलित हुए। साथ ही भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी चंद्रकांत वर्मा, गोपाल वर्मा, नंदकुमार वर्मा, सूचना आयुक्त आलोक चंद्रवंशी, सेंचुरी सीमेंट के उपाध्यक्ष विवेक बघेल समेत केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, राज प्रधान और समाज के अनेक वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी व गणमान्यजन उपस्थित रहे।
संगोष्ठी में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक एवं विचारोत्तेजक चर्चा हुई। वक्ताओं ने प्रमुख रूप से इस विषय पर अपने विचार रखे कि समाज अपने अधिकारी-कर्मचारियों के हितों, उनकी समस्याओं एवं उनके कॅरियर विकास के लिए किस प्रकार सहयोग कर सकता है। वहीं अधिकारी-कर्मचारी अपनी योग्यता, अनुभव, ज्ञान, प्रशासनिक दक्षता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता के माध्यम से समाज के विकास व उत्थान में किस प्रकार योगदान दे सकते हैं। इस बात पर विशेष बल दिया गया कि समाज का उत्थान केवल किसी एक वर्ग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर शिक्षित, अनुभवी एवं जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों की सामूहिक सहभागिता से ही संगठन को नई दिशा एवं नई ऊंचाइयां प्रदान की जा सकती हैं। कार्यक्रम के अंत में समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष आर.सी. वर्मा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।