देश

गायत्री शक्तिपीठ में मनी आध्यात्मिक दीपावली  

अखंड दीप शताब्दी वर्ष पर गूंजे वसुधैव कुटुंबकम् के स्वर

रायपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार, जिला रायपुर के परिजनों द्वारा समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में शनिवार को आयोजित दीपावली मिलन में माता भगवती देवी शर्मा एवं अखंड दीप जन्म शताब्दी वर्ष 2026 के लिए सत् संकल्प लिए गए।

मुख्य अतिथि रहे अंतरराष्ट्रीय कवि एवं चिंतक संजीव ठाकुर। इस प्रसंग पर उन्होंने अपनी विदेश यात्रा के संस्मरण साझा करते हुए कहा, भौतिकता की अंधी दौड़ से जूझ रहे पाश्चात्य जगत में पारिवारिक विघटन बढ़ रहा है, ऐसे में भारत की सनातन संस्कृति और गायत्री परिवार के संस्कार ही संपूर्ण मानवता के लिए एकमात्र संबल हैं। उन्होंने अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध भी किया।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक गायत्री मंत्रोच्चार से हुआ, उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को दीप पर्व की शुभकामनाएं दीं। अध्यक्षीय उद्बोधन में गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्याम बैस ने कहा, दीपावली केवल माटी के दिये जलाकर बाह्य प्रकाश का नहीं, बल्कि अंत:करण के अंधकार को मिटाकर समाज में सद्विचार फैलाने का महापर्व है।

इसी कड़ी में गायत्री परिवार छत्तीसगढ़ की जोन समन्वयक आदर्श वर्मा ने कहा, अखंड दीप जन्म शताब्दी वर्ष 2026 हम सभी के लिए आत्मपरिष्करण और युग निर्माण के संकल्प को घर-घर पहुंचाने का स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने बल दिया कि जब तक हमारी मातृशक्ति और युवा पीढ़ी गायत्री परिवार के वैचारिक अनुशासन से जुड़कर संस्कारों को अपने जीवन में नहीं उतारेंगी, तब तक समाज में एक स्वस्थ और नैतिक परिवार व्यवस्था की स्थापना अधूरी रहेगी। पूर्व अतिरिक्त संचालक- उच्च शिक्षा डॉ. अंजनी शुक्ला, पूर्व संयुक्त कलेक्टर अशोक तिवारी, गायत्री परिवार के उपजोन समन्वयक सी.पी. साहू, जिला समन्वयक लच्छूराम निषाद व उर्मिला नेताम विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन दीनानाथ शर्मा ने किया।

आयोजन मुख्य रूप से गायत्री शक्तिपीठ समता कॉलोनी के सहायक प्रबंध ट्रस्टी सदाशिव हथमल, वरिष्ठ परिजन कृष्ण कुमार निगम, घनश्याम, केशरवानी, पूर्णिमा साहू, कोमल साहू, अजय साहू, आशीष राय, नीलकंठ साहू सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित थे।

About the author

मीडिया एमपीसीजी